Director Message

 
शैक्षिक संचार संकाय (सीईसी) में आपका स्वागत है।

शैक्षिक संचार संकाय (कंसोर्टियम फॉर एजुकेशनल कम्युनिकेशन-सीईसी) एक प्रमुख राष्ट्रीय संस्थान है, जो डिजिटल शिक्षण पद्धतियों में नवाचार, समावेशी पहुंच तथा उन्नत सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकियों (आईसीटी) के रणनीतिक उपयोग के माध्यम से भारत की उच्च शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उच्च शिक्षा की पहुंच, गुणवत्ता और समानता का विस्तार करने के अपने दायित्व के अंतर्गत सीईसी शिक्षार्थी-केंद्रित तथा प्रौद्योगिकी-सक्षम शिक्षा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

डिजिटल एवं मिश्रित (ब्लेंडेड) शिक्षण की वैश्विक सर्वोत्तम पद्धतियों के अनुरूप, सीईसी भारत की विविध शैक्षिक आवश्यकताओं का समाधान करता है, ताकि उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा भौगोलिक, सामाजिक एवं आर्थिक बाधाओं को पाटते हुए यह सर्वस्व तक पहुंच सके। सुदृढ़ डिजिटल प्लेटफॉर्म और प्रभावी श्रव्य-दृश्य संसाधनों के माध्यम से सीईसी व्यवहारिक, स्व-शिक्षण तथा आजीवन अधिगम को प्रोत्साहित करता है।

सीईसी देश में डिजिटल शैक्षणिक सामग्री के सबसे बड़े संग्राहकों में से एक है तथा शिक्षा मंत्रालय के ‘स्वयं’ पोर्टल पर वृहद् मुक्त ऑनलाइन पाठ्यक्रमों (मूक्स) और ‘स्वयं प्रभा’ डायरेक्ट-टू-होम (डीटीएच) शैक्षिक टेलीविजन चैनलों-दोनों का राष्ट्रीय समन्वयक है। इसके माध्यम से बहुविषयक, पाठ्यक्रम-संगत सामग्री का प्रसारण किया जाता है तथा दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों तक अधिगम के अवसर विस्तारित किए जाते हैं।

सीईसी का वेब पोर्टल एक समग्र डिजिटल अधिगम परिवेश प्रदान करता है, जिसके अंतर्गत प्राकृतिक एवं अनुप्रयुक्त विज्ञान, प्रबंधन एवं अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रम, सामाजिक विज्ञान, कला/संस्कृति/साहित्य/भाषा तथा अंतर्विषयक क्षेत्रों सहित विविध विषयों का अध्ययन किया जा सकता है। इस पोर्टल पर व्यास चैनल, स्नातक एवं स्नातकोत्तर मूक्स पाठ्यक्रम, मुक्त शैक्षिक संसाधन (ओईआर) तथा लघु अधिगम (एसएलओ) जैसी समृद्ध सामग्री उपलब्ध है, जिन्हें वैचारिक स्पष्टता एवं कौशल विकास को सुदृढ़ करने हेतु संकलित एवं उन्नत किया गया है।

समावेशन, सुलभता, शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा डिजिटल समानता के सिद्धांतों से प्रेरित सीईसी भारत की ज्ञान अवसंरचना को निरंतर सशक्त बना रहा है तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 जैसे राष्ट्रीय प्राथमिकताओं एवं सतत विकास लक्ष्य–4 (गुणवत्तापूर्ण शिक्षा) सहित वैश्विक रूपरेखाओं के अनुरूप कार्य कर रहा है। सहयोग, नवाचार और शिक्षा के लोकतंत्रीकरण के प्रति अटल प्रतिबद्धता के साथ सीईसी एक गतिशील एवं पारस्परिक जुड़े हुए विश्व में शिक्षार्थियों को सशक्त बनाने हेतु समर्पित है।

आइये ज्ञान की शक्ति से जन-जन को सशक्त बनायें…!

आचार्य (डॉ.) परिक्षित सिंह मनहास
निदेशक, सीईसी